कथा वाचिका राधा श्री जी ने नरसी भगत की भक्ति का किया भावपूर्ण वर्णन
कोलकाता: श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में आयोजित नानी बाई का मायरा कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भक्ति रस का आनंद ले रहे हैं। कोलकाता की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका राधा श्री जी अपनी मधुर वाणी एवं भावपूर्ण शैली में कथा का वाचन कर रही हैं।
आज की कथा का शुभारंभ यजमान प्रीतम नंदी परिवार द्वारा कथा वाचिका राधा श्री जी को तिलक लगाकर किया गया। इस अवसर पर राधा श्री जी ने नरसी भगत की भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा, निष्काम प्रेम और पूर्ण समर्पण का अत्यंत सुंदर चित्रण किया। नरसी भगत की भक्ति और भगवान के प्रति उनके अटूट विश्वास के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान भात के प्रसंग का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर भक्त भाव-विभोर हो उठे।
मायरा के प्रसंगों पर आधारित नृत्य-नाटिका की शानदार प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से कथा के प्रसंगों को जीवंत कर दिया और श्रद्धालुओं की खूब सराहना प्राप्त की। इस आयोजन में मंदिर के साथ-साथ श्याम अग्रवाल द्वारा संचालित संस्था ‘प्रयास’ का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में प्रकाश मुसद्दी, विजय शंकर अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल एवं सुरेश अग्रवाल (डनलप) सहित सेवा संसार के संपादक श्री संजय हरलालका जी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। सभी ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आलमबाजार स्थित श्री श्याम मंदिर अपनी भव्यता, आकर्षक वास्तुकला और अनूठी सुंदरता के लिए विशेष पहचान रखता है। शाम होते ही मंदिर की अलौकिक रोशनी और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन जाती है। वहीं बाबा श्याम का मनमोहक एवं दिव्य श्रृंगार भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। बाबा के अद्भुत श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु आनंद और भक्ति की अनुपम अनुभूति कर रहे हैं। मंदिर की जगमगाती रोशनी और बाबा का मनोहारी स्वरूप पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहा है।
नानी बाई का मायरा कथा का आयोजन 20 नवंबर तक चलेगा। 20 नवंबर को बाबा श्री श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर शाम 6 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। वहीं, 21 नवंबर को बाबा श्री श्याम का बारस उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर भी शाम 6 बजे से भजन-कीर्तन की विशेष प्रस्तुति होगी।
मंदिर परिसर इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण से सराबोर है।

